उत्तराखंड

रुद्रप्रयाग में बारिश-भूस्खलन का असर, मद्महेश्वर धाम यात्रा अगले आदेश तक स्थगित

उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग में लगातार बारिश और भूस्खलन ने मद्महेश्वर धाम यात्रा पर ब्रेक लगा दिया है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने यात्रा को अगले आदेश तक अस्थायी रूप से रोकने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने लोगों से मौसम और मार्ग की ताजा स्थिति जानने के बाद ही यात्रा की अपील की है।

जिलाधिकारी के मुताबिक पुलिस, उपजिलाधिकारी ऊखीमठ और लोक निर्माण विभाग की रिपोर्ट में मस्ता-मद्महेश्वर पैदल मार्ग को बेहद संवेदनशील और जोखिमपूर्ण बताया गया है। करीब 14.5 किलोमीटर लंबे इस रास्ते में तलसारी तोक से बनतोली तक कई जगह लगातार भूस्खलन हो रहा है।

निर्माण कार्य के बीच पहाड़ी दरकने का खतरा

यात्रा मार्ग के शुरुआती करीब पांच किलोमीटर हिस्से में कटिंग का काम भी चल रहा था, जिसमें लगभग 3.5 किलोमीटर काम पूरा हो चुका है। यात्रा को देखते हुए फिलहाल निर्माण कार्य रोक दिया गया है, लेकिन लगातार बारिश के कारण पहाड़ी दरकने और रास्ते पर मलबा आने का खतरा बना हुआ है।

चेतावनी के बावजूद जोखिम उठा रहे श्रद्धालु

प्रशासन ने बताया कि कई श्रद्धालु सुरक्षा चेतावनियों को नजरअंदाज कर भूस्खलन प्रभावित इलाकों से गुजरने की कोशिश कर रहे थे। संवेदनशील स्थानों पर फोटो और सेल्फी लेने की होड़ भी देखने को मिल रही थी। प्रशासन के मुताबिक ऐसी लापरवाही से किसी बड़े हादसे की आशंका बढ़ जाती है।

ट्रॉली के सहारे हो रही थी आवाजाही

बनतोली में मोरखंडा नदी पर बना लकड़ी का अस्थायी पुल 24 जुलाई को नदी का जलस्तर बढ़ने के कारण बह गया था। इसके बाद श्रद्धालुओं की आवाजाही मैनुअल ट्रॉली के जरिए कराई जा रही थी। प्रशासन के अनुसार एक बार में ट्रॉली से केवल दो लोग ही नदी पार कर सकते हैं।

सावन, कांवड़ यात्रा और छुट्टियों के कारण श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने से ट्रॉली के पास भीड़ और अव्यवस्था की स्थिति बन रही थी। ट्रॉली संचालकों के साथ अभद्रता और सेल्फी लेने की कोशिश जैसी घटनाएं भी सामने आईं।

ट्रॉली की मरम्मत भी बनी यात्रा रोकने की वजह

लोक निर्माण विभाग, ऊखीमठ ने प्रशासन को बताया कि गौंडार स्थित ट्रॉली को सुरक्षित तरीके से चलाने के लिए तत्काल मरम्मत और मेंटेनेंस जरूरी है। इस काम में दो से तीन दिन का समय लग सकता है। बारिश और मार्ग की स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने यात्रा को अगले आदेश तक स्थगित करने का फैसला किया है।

सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश

जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने संबंधित विभागों को यात्रा स्थगित होने की जानकारी का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए हैं। यात्रा मार्ग पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने, बैरिकेडिंग करने और जगह-जगह चेतावनी बोर्ड लगाने को कहा गया है।

पुलिस, राजस्व, लोक निर्माण विभाग और अन्य संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ आदेश का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

श्रद्धालुओं से प्रशासन ने की अपील

जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं और आम लोगों से अपील की है कि वे अपनी सुरक्षा को प्राथमिकता दें और यात्रा स्थगित किए जाने के आदेश का पालन करें। प्रशासन ने कहा है कि मौसम और यात्रा मार्ग की स्थिति सामान्य होने तथा आधिकारिक जानकारी मिलने के बाद ही मद्महेश्वर धाम की यात्रा की योजना बनाएं।

Related Articles

Back to top button