मनोरंजन

The Traitors Promo: मल्लिका के आंसू से अभिषेक के गुस्से तक, महल में छिड़ा महासंग्राम!

प्राइम वीडियो के माइंड-गेम रियलिटी शो ‘द ट्रेटर्स’ सीजन 2 का नया प्रोमो आते ही चर्चा में है। महल के अंदर आरोप-प्रत्यारोप, गुस्सा, आंसू और गद्दारों को पहचानने की जंग तेज हो गई है। प्रोमो ने दर्शकों की एक्साइटमेंट बढ़ा दी है।

प्राइम वीडियो के चर्चित रियलिटी शो ‘द ट्रेटर्स’ के दूसरे सीजन का नया प्रोमो रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर छा गया है। शो की शुरुआत के साथ ही महल के अंदर खिलाड़ियों के बीच तनाव बढ़ता नजर आ रहा है। कोई किसी पर भरोसा करने को तैयार नहीं है और हर खिलाड़ी दूसरे के इरादों पर शक कर रहा है। प्रोमो में आरोप-प्रत्यारोप के साथ तीखी बहस और भावुक पल भी देखने को मिल रहे हैं। मल्लिका शेरावत के आंसू से लेकर अभिषेक मल्हान के गुस्से तक ने माहौल को और गर्म कर दिया है। वहीं रिया चक्रवर्ती भी खिलाड़ियों को खेल की रणनीति को लेकर चेतावनी देती दिखाई दे रही हैं। ऐसे में साफ है कि इस सीजन में दोस्ती से ज्यादा शक और रणनीति का खेल देखने को मिलेगा।

रिया की चेतावनी और अभिषेक का फूटा गुस्सा

शो के लेटेस्ट प्रोमो में रिया चक्रवर्ती खेल के सबसे बड़े खतरे को पहचानती नजर आईं। उन्होंने बाकी खिलाड़ियों को चेतावनी दी कि अगर सभी बिना सोचे-समझे सिर्फ भीड़ के साथ चलते रहे तो निर्दोष खिलाड़ी एक-एक करके बाहर होते जाएंगे। दूसरी तरफ ‘फुकरा इंसान’ के नाम से मशहूर अभिषेक मल्हान बाकी सदस्यों की रणनीति से बेहद परेशान दिखे। उन्होंने गुस्से में सवाल उठाया कि आखिर गद्दारों को ढूंढने की कोशिश सही तरीके से क्यों नहीं हो रही। इसी दौरान पारुल गुलाटी ने क्रिस्टल डिसूजा पर ट्रेटर होने का आरोप लगाया। क्रिस्टल ने भी पलटवार करते हुए कहा कि अगर वह ट्रेटर होतीं तो पारुल को ही बाहर कर देतीं।

मल्लिका शेरावत के आंसू और मुनव्वर पर बड़ा दावा

प्रोमो में मल्लिका शेरावत नाश्ते की टेबल पर काफी परेशान और भावुक नजर आईं। उन्होंने माना कि यह खेल बेहद शातिर है और मानसिक रूप से काफी तनाव देने वाला है। हालांकि भावुक होने के बावजूद मल्लिका ने खेल में बड़ा दांव चलते हुए सीधे मुनव्वर फारूकी को ट्रेटर बता दिया। इसी बीच पारुल गुलाटी ने मल्लिका के रोने पर तंज भी कसा। उन्होंने कहा कि टीवी कलाकार बिना ग्लिसरीन के भी रो सकते हैं। उनके इस बयान को श्वेता तिवारी की ओर इशारे के तौर पर देखा जा रहा है।

‘कढ़ी-सांभर’ के बहाने भी छिड़ी बहस

महल के अंदर विवाद सिर्फ ट्रेटर को पहचानने तक सीमित नहीं है। छोटी-छोटी बातों पर भी खिलाड़ियों के बीच बहस होती दिखाई दे रही है। जब पारुल गुलाटी ने खुद की तुलना राजमा में कढ़ी से की तो अभिषेक मल्हान इस बात से चिढ़ गए। उन्होंने साफ कहा कि उन्हें इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि कोई कढ़ी है या सांभर। इस छोटी सी बात ने भी शो के अंदर चल रहे तनाव को सामने ला दिया।

श्वेता और रिया पर भी शक

प्रोमो में साहिल सलाथिया श्वेता तिवारी और रिया चक्रवर्ती पर भी शक जताते दिखाई दिए। यानी महल के अंदर अब किसी पर भरोसा करना आसान नहीं है। हर खिलाड़ी अपने हिसाब से दूसरे के व्यवहार और बयानों का गणित समझने की कोशिश कर रहा है। यही वजह है कि शो का खेल लगातार और ज्यादा पेचीदा होता जा रहा है।

हर खिलाड़ी के पास अपनी रणनीति

‘द ट्रेटर्स’ में हर कंटेस्टेंट को अपनी रणनीति बनाकर आगे बढ़ना है। एक गलत फैसला किसी भी खिलाड़ी को खेल से बाहर कर सकता है। अभिषेक मल्हान भी मानते नजर आए कि यह खेल काफी मुश्किल है। वहीं दूसरे खिलाड़ी भी गद्दारों की पहचान करने के लिए अपने-अपने तरीके से सुराग तलाश रहे हैं। प्रोमो से साफ है कि आने वाले एपिसोड में भरोसे और धोखे के बीच मुकाबला और तेज होने वाला है।

13 अगस्त से शुरू होगा शो

करण जौहर का यह माइंड-गेम रियलिटी शो 13 अगस्त से स्ट्रीम होने वाला है। शो को हर गुरुवार प्राइम वीडियो पर देखा जा सकेगा। नए प्रोमो में जिस तरह से गुस्सा, आंसू, आरोप और रणनीति देखने को मिली है, उससे दर्शकों के बीच सीजन 2 को लेकर उत्सुकता और बढ़ गई है। अब देखना होगा कि महल में छिपे असली ट्रेटर्स कौन हैं और निर्दोष खिलाड़ी उन्हें कब तक पहचान पाते हैं।

Related Articles

Back to top button