Aviation: अमृतसर से अब 27 अंतरराष्ट्रीय शहरों तक आसान हवाई कनेक्टिविटी
पंजाब के यात्रियों के लिए विदेश यात्रा अब पहले से ज्यादा आसान होने जा रही है। एयर इंडिया ने अमृतसर से अपनी नई 'ईज़ी कनेक्ट (Easy Connect)' सेवा शुरू कर दी है। इस सुविधा के जरिए यात्री दिल्ली में बार-बार चेक-इन, सामान लेने या टर्मिनल बदलने की झंझट के बिना दुनिया के 27 से अधिक अंतरराष्ट्रीय शहरों तक आसानी से पहुंच सकेंगे।
ईज़ी कनेक्ट’ एयर इंडिया की नई ट्रांजिट सुविधा है, जिसके तहत अमृतसर से उड़ान भरने वाले अंतरराष्ट्रीय यात्री अपना पूरा चेक-इन और इमिग्रेशन अमृतसर एयरपोर्ट पर ही पूरा कर सकेंगे। इसके बाद दिल्ली पहुंचने पर उन्हें दोबारा चेक-इन कराने या बैगेज लेने की जरूरत नहीं होगी। वे सीधे इंटरनेशनल ट्रांजिट के जरिए अपनी अगली उड़ान पकड़ सकेंगे।
हर दिन अमृतसर से चलेंगी दो उड़ानें
एयर इंडिया ने अमृतसर-दिल्ली रूट पर रोजाना दो ‘ईज़ी कनेक्ट’ उड़ानों की शुरुआत की है।
- AI-1113: सुबह 9:10 बजे अमृतसर से रवाना होकर 10:40 बजे दिल्ली पहुंचेगी।
- AI-1115: रात 10:00 बजे अमृतसर से उड़ान भरकर 11:20 बजे दिल्ली पहुंचेगी।
इन उड़ानों का समय इस तरह तय किया गया है कि यात्री दिल्ली पहुंचने के चार घंटे के भीतर अपनी अंतरराष्ट्रीय उड़ान आसानी से पकड़ सकें।
27 से ज्यादा अंतरराष्ट्रीय शहरों से जुड़ेगा पंजाब
नई सेवा के जरिए अमृतसर से यात्रा शुरू करने वाले यात्रियों को अमेरिका, कनाडा, ब्रिटेन, यूरोप, ऑस्ट्रेलिया, पश्चिम एशिया और दक्षिण-पूर्व एशिया के 27 से अधिक प्रमुख शहरों तक बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी।
सुबह की उड़ान से यात्री लंदन, पेरिस, एम्स्टर्डम, फ्रैंकफर्ट, रोम, ज्यूरिख, कोपेनहेगन, वियना, मिलान और बर्मिंघम जैसे यूरोपीय शहरों तक पहुंच सकेंगे। वहीं रात की उड़ान के जरिए न्यूयॉर्क, नेवार्क, सैन फ्रांसिस्को, शिकागो, टोरंटो, वैंकूवर, मेलबर्न, सिडनी, सिंगापुर, फुकेत, बाली और दुबई जैसे शहरों के लिए आसान कनेक्शन मिलेगा।
दिल्ली एयरपोर्ट पर नहीं होगी भागदौड़
इस सेवा का सबसे बड़ा फायदा यह है कि यात्रियों को दिल्ली एयरपोर्ट पर दोबारा सामान चेक-इन नहीं कराना पड़ेगा और न ही टर्मिनल बदलने की जरूरत होगी। पूरा बैगेज अंतिम गंतव्य तक टैग होगा और यात्री सीधे अंतरराष्ट्रीय ट्रांजिट प्रक्रिया के जरिए अपनी अगली फ्लाइट में सवार हो सकेंगे। इससे समय की बचत होगी और यात्रा पहले से कहीं ज्यादा सुविधाजनक बनेगी।
केंद्रीय मंत्री ने बताया बड़ा कदम
अमृतसर के श्री गुरु रामदास जी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से इस सेवा की शुरुआत केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापू राम मोहन नायडू ने की। उन्होंने कहा कि यह पहल केंद्र सरकार के ‘हब-एंड-स्पोक मॉडल’ को मजबूत करेगी और पंजाब को वैश्विक हवाई नेटवर्क से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उनके अनुसार इससे पर्यटन, व्यापार और विदेशों में बसे पंजाबी समुदाय से संपर्क भी और मजबूत होगा।
Air India ने क्या कहा?
एयर इंडिया के ग्रुप हेड (गवर्नेंस, रिस्क, कंप्लायंस एवं कॉर्पोरेट अफेयर्स) पी. बालाजी ने कहा कि दुनिया भर में बसे पंजाबी समुदाय को यह सेवा बड़ा लाभ देगी। अब यात्री अपने शहर से ही बिना अतिरिक्त औपचारिकताओं के अंतरराष्ट्रीय यात्रा शुरू कर सकेंगे, जिससे उनका समय और परेशानी दोनों कम होंगे।
आगे इन शहरों तक भी पहुंचेगी सुविधा
एयर इंडिया ने संकेत दिया है कि ‘ईज़ी कनेक्ट’ सेवा को चरणबद्ध तरीके से देश के अन्य शहरों तक भी विस्तारित किया जाएगा। अमृतसर और वाराणसी के बाद जल्द ही अहमदाबाद, गोवा, कोच्चि समेत कई अन्य शहरों को भी इस सुविधा से जोड़ा जाएगा।
यात्रा से पहले इन बातों का रखें ध्यान
एयर इंडिया के अनुसार, ‘ईज़ी कनेक्ट’ के जरिए अंतरराष्ट्रीय यात्रा करने वाले भारतीय पासपोर्ट धारकों के लिए डिजीयात्रा (DigiYatra) में पंजीकरण अनिवार्य होगा। साथ ही स्पोक एयरपोर्ट्स पर वेब चेक-इन और कस्टम डिक्लेरेशन की सुविधा उपलब्ध नहीं होगी। यात्री इस सेवा की बुकिंग एयर इंडिया की वेबसाइट, मोबाइल ऐप, कॉन्टैक्ट सेंटर या अधिकृत ट्रैवल एजेंटों के माध्यम से कर सकते हैं।



