रमन का बयान खिसियानी बिल्ली खम्बा नोंचे के समान : सुशील आनंद शुक्ला

रायपुर । प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह के बयान पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा है कि कांग्रेस की भूपेश बघेल सरकार ने लगातार चौथी बार जमीन से जुड़ा ऐतिहासिक बजट दिया है तो पूर्व मुख्यमंत्री खिसियानी बिल्ली खम्बा नोंचे वाली कहावत चरितार्थ कर रहे हैं। कांग्रेस सरकार ने राज्य की जनता की जरूरतों और जन भावनाओं के अनुरूप बजट दिया है। इसे देखकर भाजपा बदहवास हो गई है। रमन सिंह सही कह रहे हैं। यह बजट भाजपा को दिशाहीन और निराश करने पर्याप्त है। जनता की सरकार ने जनता को राहत और छत्तीसगढ़ के वास्तविक विकास का बजट दिया है। इस बजट ने सभी वर्गों के साथ ही सरकारी मुलाजिमों को राहत दी है। समावेशी विकास की दिशा में ठोस उपाय किये हैं। जिनसे रमन सिंह और उनकी पार्टी को भारी निराशा होना स्वाभाविक है।
प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह के बयान को उनकी निजी हताशा बताते हुए कहा कि एक तो उनकी अपनी प्रभारी ने उन्हें निराश कर दिया है। इस पर भूपेश बघेल सरकार का बजट उनकी पार्टी की उम्मीदों पर वज्रपात करने सौ फीसदी सक्षम है। रमन सिंह की आत्मा सत्ता में आने के लिए भटक रही है, उनका शरीर सत्ता से बेदखल होने के बाद से आत्माविहीन जैसा हो गया है। भाजपा की छत्तीसगढ़ प्रदेश प्रभारी ने रमन सिंह को ही बिना पानी की नदी, बिना ऊंचाई के पहाड़ और फूले हुए गुब्बारे जैसा बना दिया है। वे सुध बुध खोकर जनहितैषी बजट को स्वीकार नहीं कर पा रहे हैं।
प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने जनता के हित में बेहतर से बेहतर बजट दिया है तो पंद्रह साल तक केवल भ्रष्टाचार और कमीशन सरकार चलाने वालों को कष्ट हो रहा है। इस बजट में किसानों, महिलाओं, मजदूरों, युवाओं, बुजुर्गों और बेटियों के लिए प्रगति के ठोस उपाय किये गए हैं।

Related posts

Leave a Comment