तिरंगा यात्रा में गरजे योगी, राष्ट्रगान-राष्ट्रगीत के अपमान पर दिया सख्त संदेश
लखनऊ में हर घर तिरंगा अभियान के तहत रविवार को तिरंगा पदयात्रा निकाली गई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत बीजेपी के कई वरिष्ठ नेता, कार्यकर्ता, युवा, महिलाएं और छात्र इसमें शामिल हुए। इस दौरान योगी ने तिरंगे को देश की आन-बान-शान बताते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत का अपमान किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
लखनऊ में मुख्यमंत्री आवास 5, कालिदास मार्ग से तिरंगा पदयात्रा की शुरुआत हुई। यात्रा सिविल अस्पताल और अटल चौक होते हुए विधानभवन के सामने पहुंची। इस दौरान बड़ी संख्या में बीजेपी कार्यकर्ताओं के साथ युवा, महिलाएं और स्कूल के छात्र भी शामिल हुए।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अलावा बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह और डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
यह यात्रा ऐसे समय निकाली गई जब देश स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों में जुटा है। 15 अगस्त को भारत अपना 80वां स्वतंत्रता दिवस मनाएगा।
काकोरी शहीदों को भी दी श्रद्धांजलि
9 अगस्त को काकोरी ट्रेन एक्शन दिवस भी है। इसी वजह से तिरंगा यात्रा को स्वतंत्रता आंदोलन और शहीदों के सम्मान से भी जोड़ा गया। यात्रा के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ काकोरी शहीद स्मारक पहुंचे और स्वतंत्रता आंदोलन के शहीदों को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान लोगों ने भारत माता की जय के नारे लगाए।
योगी ने कहा कि देश की आजादी के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले शहीदों का योगदान हमेशा याद रखा जाना चाहिए और युवा पीढ़ी को उनके संघर्ष से प्रेरणा लेनी चाहिए।
‘पीएम मोदी ने घरों पर तिरंगा फहराने का अधिकार दिया’
जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के लोगों को अपने घरों पर तिरंगा फहराने का अधिकार दिया है। उन्होंने कहा कि झंडा संहिता में बदलाव किए गए, जिससे आम लोग अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहरा सकें। योगी ने इसे तिरंगे के प्रति सम्मान और ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को मजबूत करने वाला कदम बताया। उन्होंने कहा कि अब देश के करोड़ों लोग गर्व और सम्मान के साथ अपने घरों पर तिरंगा लगा सकते हैं।
कांग्रेस पर योगी का हमला, बोले- पहले संघर्ष करना पड़ता था
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले लोगों को अपने घरों पर तिरंगा फहराने के लिए संघर्ष करना पड़ता था और कई मामलों में अदालत तक जाना पड़ता था। योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के लोगों को यह अवसर दिया है कि वे अपने घरों पर तिरंगा फहराकर राष्ट्रीय गौरव और सम्मान की भावना को प्रदर्शित कर सकें।
उनके इस बयान के साथ ही तिरंगा यात्रा का राजनीतिक संदेश भी साफ नजर आया। योगी ने कांग्रेस के पुराने शासन की तुलना मौजूदा केंद्र सरकार की नीतियों से की।
‘तिरंगा हमारी आन-बान-शान है’
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि तिरंगा देश की आन-बान-शान है और हर भारतीय को इसका सम्मान करना चाहिए। उन्होंने कहा कि पूरे देश में वंदे मातरम की गूंज हो रही है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत का अपमान किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने राष्ट्रीय प्रतीकों के सम्मान को देशभक्ति और राष्ट्रीय गौरव से जोड़ते हुए युवाओं से इसमें सक्रिय भागीदारी की अपील की।
युवाओं की ऊर्जा को सही दिशा देने पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश के युवाओं में हर चुनौती का सामना करने की क्षमता है। जरूरत इस बात की है कि उनकी ऊर्जा को सही दिशा और उचित मंच मिले। उन्होंने कहा कि युवाओं को पारंपरिक शिक्षा के साथ-साथ देश और समाज के सामने आने वाली चुनौतियों के लिए भी तैयार रहना चाहिए।
योगी के मुताबिक इसी भावना के साथ बीजेपी देशभर में तिरंगा यात्राएं आयोजित कर रही है। लखनऊ की यात्रा में करीब 25 से 30 हजार युवाओं के शामिल होने की बात भी उन्होंने कही।
‘राष्ट्र प्रथम’ को लेकर विपक्ष पर निशाना
योगी ने कहा कि आजादी के बाद राष्ट्रीय गीत, राष्ट्रगान और राष्ट्रीय प्रतीकों के सम्मान के लिए जो काम पहले किया जाना चाहिए था, उसे करने में इतने दशक क्यों लग गए।
उन्होंने आरोप लगाया कि इसकी वजह यह थी कि कुछ लोगों के लिए सत्ता सबसे ऊपर थी। इसके विपरीत उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की राजनीति को ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना से जोड़ते हुए कहा कि राष्ट्रीय हित को प्राथमिकता दी जा रही है।
15 अगस्त तक चलेगा तिरंगा अभियान
बीजेपी का हर घर तिरंगा अभियान 9 से 15 अगस्त तक चलेगा। 10, 11 और 12 अगस्त को प्रदेश के मंडल स्तर पर कार्यक्रम होंगे, जबकि 13 अगस्त को जिला मुख्यालयों और अन्य स्थानों पर तिरंगा यात्राएं निकाली जाएंगी।
14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के तहत मौन जुलूस और संगोष्ठियां आयोजित की जाएंगी। वहीं 13 से 15 अगस्त तक घरों, प्रतिष्ठानों, व्यापारिक संस्थानों और कार्यालयों पर तिरंगा फहराने के लिए जनजागरण अभियान चलाया जाएगा।



