Breaking Newsमध्य प्रदेश

सागर जहरीली शराब कांड: 30 हजार के इनामी आरोपी शिवांजय राजपूत का एनकाउंटर, पुलिस पर फायरिंग के बाद पैर में लगी गोली

मध्य प्रदेश के सागर जिले में जहरीली शराब कांड के मामले में फरार चल रहे 30 हजार रुपये के इनामी आरोपी शिवांजय राजपूत को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, कार्रवाई के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर तीन राउंड फायर किए, जिसके जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई।

दिल्ली, दीपक झा।

मध्य प्रदेश के सागर जिले में हुए बहुचर्चित जहरीली शराब कांड में फरार चल रहे 30 हजार रुपये के इनामी आरोपी शिवांजय राजपूत को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। बहरोल थाना क्षेत्र के कठुआ नाला के पास रविवार तड़के पुलिस और आरोपी के बीच फायरिंग हुई। पुलिस के अनुसार, जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी

पुलिस को सूचना मिली थी कि छापरी गांव निवासी 21 वर्षीय शिवांजय राजपूत धामोनी-बहरोल मार्ग से अपने घर जाने की कोशिश कर रहा है। सूचना मिलते ही बांदरी थाना प्रभारी सत्येंद्र सिंह और बहरोल थाना प्रभारी धर्मेंद्र सिंह ने पुलिस बल के साथ इलाके में घेराबंदी की।

पुलिस को देखते ही आरोपी ने भागने की कोशिश की और टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़ लिया।

मुठभेड़ के बाद हथियार और अन्य सामान बरामद

पुलिस के मुताबिक, मुठभेड़ के बाद शिवांजय राजपूत के कब्जे से 315 बोर का देशी कट्टा, तीन कारतूस, तीन खोखे, मोबाइल फोन और बाइक बरामद की गई है। घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है और पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।

जहरीली शराब कांड में सप्लाई का आरोप

पुलिस के अनुसार, शिवांजय राजपूत सागर जहरीली शराब कांड के प्रमुख आरोपियों में शामिल है। उस पर अवैध शराब की सप्लाई में भूमिका निभाने का आरोप है। घटना के बाद से वह फरार चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने 30 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। उसके खिलाफ पहले से तीन आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी भी सामने आई है।

अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी

सागर पुलिस के मुताबिक, जहरीली और अवैध शराब के कारोबार से जुड़े अन्य फरार आरोपियों की तलाश लगातार जारी है। पुलिस ने कहा है कि ऐसे मामलों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस शिवांजय राजपूत की गिरफ्तारी को इस मामले में बड़ी सफलता मान रही है।

Related Articles

Back to top button