रायगढ़ के दिवेआगर बीच पर बड़ा हादसा, समुद्र में डूबे पुणे के 8 छात्र; सभी की मौत

महाराष्ट्र के रायगढ़ स्थित दिवेआगर बीच पर पिकनिक मनाने आए पुणे के 8 छात्रों की समुद्र में डूबने से मौत हो गई। 48 लोगों का ग्रुप दिवेआगर पहुंचा था।
रायगढ़ । दीपक झा
महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले के प्रसिद्ध दिवेआगर बीच पर गुरुवार को बड़ा और दर्दनाक हादसा हो गया। पुणे के आलंदी स्थित एक निजी कोचिंग संस्थान से पिकनिक मनाने आए 8 छात्रों की समुद्र में डूबने से मौत हो गई। हादसे के बाद स्थानीय लोगों, पुलिस और बचाव दल ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और सभी आठ छात्रों के शव समुद्र से बाहर निकाले।
48 लोगों का ग्रुप दिवेआगर पहुंचा था
पुलिस के मुताबिक, आलंदी की निजी कोचिंग अकादमी से कुल 48 लोगों का ग्रुप दिवेआगर बीच आया था। इस ग्रुप में 25 लड़के, 17 लड़कियां और 6 शिक्षक शामिल थे। मृतक छात्र 11वीं और 12वीं कक्षा के बताए जा रहे हैं।
पिकनिक के दौरान कुछ छात्र समुद्र में नहाने के लिए उतर गए। इसी दौरान आठ छात्र गहरे पानी और तेज समुद्री प्रवाह की चपेट में आ गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, छात्रों को समुद्र की गहराई और पानी के बहाव का सही अंदाजा नहीं हो सका, जिसके बाद वे बह गए।
स्थानीय लोगों और वॉटर स्पोर्ट्स टीम ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय नागरिक, पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे। दिवेआगर के महाकाली वॉटर स्पोर्ट्स के कर्मचारियों और स्थानीय लोगों ने भी समुद्र में खोज अभियान चलाया।
काफी प्रयास के बाद सभी आठ छात्रों को समुद्र से बाहर निकाला गया। इसके बाद शवों को बोर्ली पंचतन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां आवश्यक कानूनी और चिकित्सकीय प्रक्रिया शुरू की गई।
पानी की गहराई और तेज बहाव बना हादसे की वजह
प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि समुद्र में उतरने के बाद छात्रों को पानी की गहराई और तेज बहाव का सही अंदाजा नहीं लग पाया। इसी वजह से वे गहरे पानी की ओर चले गए और समुद्री प्रवाह की चपेट में आ गए।
हालांकि हादसे की पूरी परिस्थितियों को लेकर पुलिस और प्रशासन की जांच जारी है। पिकनिक के दौरान छात्रों की सुरक्षा के लिए क्या इंतजाम किए गए थे, इसकी भी जानकारी जुटाई जा रही है।
दिवेआगर में पसरा मातम
दिवेआगर रायगढ़ जिले के श्रीवर्धन क्षेत्र का प्रमुख पर्यटन स्थल है। हादसे की खबर फैलते ही समुद्र तट पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और स्थानीय लोगों तथा पर्यटकों की भीड़ मौके पर जमा हो गई।
आठ छात्रों की मौत की खबर के बाद आलंदी और पुणे में भी शोक का माहौल है। प्रशासन की ओर से परिवारों को घटना की जानकारी देने और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया जारी है।
समुद्र में उतरते समय सावधानी की अपील
इस हादसे के बाद समुद्र तटों पर सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय स्तर पर पर्यटकों और बाहर से आने वाले लोगों को समुद्र की गहराई, लहरों और पानी के बहाव को देखते हुए सावधानी बरतने की सलाह दी जाती है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे से जुड़े अन्य तथ्यों को जुटाया जा रहा है। आठ छात्रों की मौत ने उनके परिवारों और पूरे इलाके को गहरे शोक में डाल दिया है।



