उत्तर प्रदेश

लखनऊ में रिश्ते शर्मसार: अंतिम संस्कार से पहले बेटे ने पिता के शव का लगवाया अंगूठा, 3 करोड़ की संपत्ति का मामला

लखनऊ के रहीमाबाद इलाके से इंसानियत को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। आरोप है कि पिता की मौत के बाद अंतिम संस्कार से पहले बेटे ने उनके शव का अंगूठा सादे कागज पर लगवाया। मामला करोड़ों की संपत्ति से जुड़ा बताया जा रहा है।

मामला रहीमाबाद थाना क्षेत्र के खड़ौहा गांव का है, जहां एक बुजुर्ग की मौत के बाद संपत्ति को लेकर गंभीर विवाद सामने आया है। मृतक की बेटियों का आरोप है कि उनके भाई ने पिता की मृत्यु के बाद अंतिम संस्कार की प्रक्रिया शुरू होने से पहले शव के अंगूठे का निशान सादे कागजों पर लगवाया। आरोप है कि इस पूरी कवायद का मकसद पिता की करीब तीन करोड़ रुपये की संपत्ति पर कब्जा करना था। घटना का वीडियो वहां मौजूद ग्रामीणों ने अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

पिता ने बेटे को संपत्ति से किया था बेदखल

मृतक छत्रपाल की उम्र करीब 75 वर्ष बताई गई है। उनकी बेटियों के मुताबिक, माता-पिता का बेटे महेंद्र और बहू लक्ष्मी से लंबे समय से विवाद चल रहा था। आरोप है कि वर्ष 2023 में बेटे ने दोनों बुजुर्गों को पैतृक घर से बाहर कर दिया था। इसके बाद छत्रपाल अपनी बड़ी बेटी के साथ रहने लगे। बेटियों का कहना है कि बेटे के व्यवहार से परेशान होकर पिता ने सार्वजनिक सूचना जारी कर उसे संपत्ति से बेदखल कर दिया था।

तीनों बेटियों के नाम जमीन देने की बात

परिजनों के अनुसार छत्रपाल अपनी बेटियों की सेवा से खुश थे। उन्होंने अपनी करीब साढ़े छह बीघा जमीन में से एक-एक बीघा तीनों विवाहित बेटियों को देने की घोषणा की थी। इसी संपत्ति को लेकर विवाद बढ़ने का आरोप है। बेटियों का कहना है कि पिता ने बेटे को संपत्ति से अलग कर दिया था, जिसके बाद परिवार में तनाव और बढ़ गया था।

इलाज के बहाने पिता को साथ ले गया बेटा

बड़ी बेटी सुमन के मुताबिक, 7 जुलाई को पिता की तबीयत बिगड़ने पर महेंद्र को इसकी जानकारी दी गई। आरोप है कि वह पत्नी और ससुराल के कुछ लोगों के साथ पहुंचा और बेहतर इलाज कराने की बात कहकर पिता को अपने साथ ले गया। इसके करीब तीन दिन बाद 9 जुलाई को पिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बेटियों ने अंतिम संस्कार के दौरान भी उनके साथ बदसलूकी किए जाने का आरोप लगाया है।

वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस सक्रिय

आरोप है कि अंतिम संस्कार की रस्मों के बीच महेंद्र ने अपने चचेरे भाई की मदद से पिता के शव की उंगली पकड़कर सादे कागज पर अंगूठे का निशान लगवाया। ग्रामीणों ने इसका वीडियो बना लिया। वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद मामला चर्चा में आया। मृतक की बेटियों ने पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस वीडियो और लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है।

Related Articles

Back to top button