बिज़नेस

LG ने फ्रिज, TV और AC की बिक्री से कमाया ₹653 करोड़ का मुनाफा, जून तिमाही में 27% उछाल

LG Electronics India ने वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में मजबूत प्रदर्शन किया है। कंपनी का शुद्ध मुनाफा 27.2 फीसदी बढ़कर ₹652.86 करोड़ हो गया। इस दौरान बिक्री और प्रीमियम उत्पादों की मांग में भी अच्छी तेजी देखने को मिली।

कंपनी ने जून तिमाही के वित्तीय नतीजों में कारोबार में मजबूत बढ़ोतरी दर्ज की है। ऑपरेशंस से मिलने वाला रेवेन्यू 15.5 फीसदी बढ़कर ₹7,233.35 करोड़ हो गया, जो पिछले साल इसी अवधि में ₹6,262.94 करोड़ था। LG के मुताबिक घरेलू बाजार के साथ एक्सपोर्ट कारोबार में भी वृद्धि हुई है। ग्राहकों के बीच बेहतर फीचर्स, प्रीमियम क्वालिटी और कम बिजली खपत वाले उपकरणों की मांग बढ़ी। बिक्री की मात्रा बढ़ने के साथ महंगे उत्पादों की हिस्सेदारी बढ़ने से भी कंपनी के प्रदर्शन को फायदा मिला।

EBITDA मार्जिन में भी सुधार

LG की कमाई की क्षमता को दर्शाने वाला EBITDA मार्जिन जून तिमाही में 12.5 फीसदी रहा। पिछले साल के मुकाबले इसमें 1.06 प्रतिशत अंक का सुधार हुआ है। कंपनी के अनुसार अधिक बिक्री और प्रीमियम उत्पादों की बेहतर हिस्सेदारी ने मार्जिन मजबूत करने में योगदान दिया। हालांकि इस अवधि में कंपनी का कुल खर्च भी बढ़ा। पहली तिमाही में कुल खर्च करीब ₹6,450 करोड़ रहा, जो पिछले साल के मुकाबले 14.25 फीसदी अधिक है।

AC, फ्रिज और दूसरे होम अप्लायंसेज की बिक्री बढ़ी

LG के होम अप्लायंसेज और एयर सॉल्यूशंस यानी H&A कारोबार ने भी अच्छा प्रदर्शन किया। इस सेगमेंट का रेवेन्यू 13.61 फीसदी बढ़कर ₹5,576.69 करोड़ पहुंच गया। पिछले साल जून तिमाही में यह आंकड़ा ₹4,908.23 करोड़ था। इस कारोबार में AC, फ्रिज, माइक्रोवेव, वॉशिंग मशीन, डिशवॉशर, वॉटर प्यूरिफायर और एयर प्यूरिफायर जैसे उत्पाद शामिल हैं। गर्मी के मौसम में एयर कंडीशनर और अन्य घरेलू उपकरणों की मांग बढ़ने का सीधा फायदा कंपनी को मिला।

TV और इलेक्ट्रॉनिक्स कारोबार में 22% से ज्यादा ग्रोथ

कंपनी के होम एंटरटेनमेंट कारोबार ने सबसे बेहतर प्रदर्शन किया। जून तिमाही में इस सेगमेंट का रेवेन्यू 22.28 फीसदी बढ़कर ₹1,656.65 करोड़ हो गया। इस कारोबार में टीवी, मॉनिटर, प्रोजेक्टर, डिजिटल साइनेंज और ऑडियो-वीडियो उत्पाद शामिल हैं। कंपनी के मुताबिक प्रीमियम इलेक्ट्रॉनिक्स की मजबूत मांग और बेहतर बिक्री ने इस सेगमेंट की ग्रोथ को गति दी।

प्रीमियम प्रोडक्ट्स और एक्सपोर्ट से मिला फायदा

LG के तिमाही प्रदर्शन में सिर्फ घरेलू बिक्री ही नहीं, बल्कि एक्सपोर्ट कारोबार का भी योगदान रहा। कंपनी ने बताया कि ग्राहक अब ज्यादा फीचर्स और बेहतर तकनीक वाले उत्पादों की ओर बढ़ रहे हैं। कम बिजली खपत करने वाले उपकरणों की मांग भी बढ़ी है। यही वजह है कि बिक्री बढ़ने के साथ प्रीमियम प्रोडक्ट्स का योगदान भी मजबूत हुआ। पहली तिमाही के आंकड़ों से संकेत मिलता है कि LG ने बढ़ती मांग और प्रीमियम सेगमेंट का फायदा उठाकर मुनाफे में अच्छी बढ़ोतरी दर्ज की है।

Related Articles

Back to top button