यूपी में दिव्यांगजनों की पेंशन बढ़ेगी, सभी 18 मंडलों में बनेंगे पुनर्वास केंद्र; सीएम योगी का बड़ा ऐलान

CM Yogi Announcement: यूपी में दिव्यांगजनों की पेंशन राशि जल्द बढ़ेगी। सभी 18 मंडलों में जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र स्थापित किए जाएंगे। गोरखपुर में सीएम योगी ने किया ऐलान।
लखनऊ/गोरखपुर। अजय विक्रम सिंह
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दिव्यांगजनों के लिए पेंशन बढ़ाने और प्रदेश के सभी 18 मंडलों में जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र स्थापित करने का ऐलान किया है। मुख्यमंत्री ने यह घोषणा बुधवार को गोरखपुर में आयोजित कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण वितरण समारोह में की।
18 मंडलों में स्थापित होंगे दिव्यांग पुनर्वास केंद्र
सीएम योगी ने अधिकारियों को प्रदेश के सभी 18 मंडलों में जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र स्थापित करने के निर्देश दिए हैं। गोरखपुर में सीतापुर आई हॉस्पिटल परिसर में ऐसा केंद्र शुरू हो चुका है। इन केंद्रों के माध्यम से दिव्यांगजनों को पुनर्वास, प्रशिक्षण और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने की व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा।
दिव्यांग पेंशन की राशि फिर बढ़ेगी
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिव्यांगजनों को मिलने वाली पेंशन राशि में जल्द एक बार फिर बढ़ोतरी की जाएगी। उन्होंने बताया कि पहले दिव्यांगजन पेंशन 300 रुपये थी, जिसे बढ़ाकर पहले 500 रुपये और फिर 1,000 रुपये किया गया। अब इसमें फिर वृद्धि करने की तैयारी है। हालांकि, नई राशि कितनी होगी, इसकी घोषणा इस मौके पर नहीं की गई।
509 लाभार्थियों को मिले 664 सहायक उपकरण
गोरखपुर के सिविल लाइंस स्थित गोरखपुर क्लब में आयोजित कार्यक्रम में 509 लाभार्थियों को विभिन्न प्रकार के 664 सहायक उपकरण वितरित किए गए। इनमें मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल, ई-ट्राइसाइकिल, स्मार्टफोन, स्मार्टकेन और ब्रेल किट सहित अन्य उपकरण शामिल थे।
हर विधानसभा क्षेत्र में लगाए जाएंगे शिविर
सीएम योगी ने कहा कि वर्ष 2026-27 में प्रदेश के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों के जरिए उन पात्र दिव्यांगजनों को सरकारी योजनाओं से जोड़ा जाएगा, जो अभी पेंशन या अन्य योजनाओं के लाभ से वंचित हैं।
मुख्यमंत्री के मुताबिक, प्रदेश में 17 लाख से अधिक दिव्यांगजनों की डिजिटल पहचान मजबूत कर उन्हें कार्ड उपलब्ध कराए गए हैं। उन्होंने दिव्यांग बच्चों की शुरुआती जांच, थेरेपी, विशेष शिक्षा और तकनीकी सहायता पर भी जोर दिया।
बच्चों के लिए डे-केयर सेंटरों का विस्तार
सरकार की ओर से तीन से सात वर्ष की आयु के श्रवणबाधित, दृष्टिबाधित और बौद्धिक दिव्यांगता वाले बच्चों के लिए बचपन डे-केयर सेंटरों का विस्तार किए जाने की बात भी कही गई। मुख्यमंत्री ने शुरुआती स्तर पर पहचान और प्रशिक्षण को दिव्यांगजन सशक्तीकरण की महत्वपूर्ण कड़ी बताया।
रोजगार और स्वरोजगार योजनाओं से जोड़ने पर जोर
मुख्यमंत्री ने दिव्यांगजनों को विभिन्न सरकारी योजनाओं से जोड़ने की बात कही। इनमें सीएम युवा, पीएम स्वनिधि, एक जिला एक उत्पाद (ODOP), पीएम विश्वकर्मा, पीएम मुद्रा और स्टैंडअप जैसी योजनाएं शामिल हैं। सरकार की ओर से कॉक्लियर इंप्लांट के लिए छह लाख रुपये तक की सहायता और स्पीच थेरेपी में सहयोग की भी जानकारी दी गई।
‘प्रतिभा को दया नहीं, अवसर चाहिए’
सीएम योगी ने कहा कि शारीरिक चुनौती किसी व्यक्ति की प्रतिभा के रास्ते में बाधा नहीं बन सकती। उनके मुताबिक प्रतिभा को दया के बजाय अवसर, उचित साधन और प्रशिक्षण की जरूरत होती है। उन्होंने पैरालंपिक खिलाड़ियों सहित विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्धि हासिल करने वाले दिव्यांग व्यक्तियों का उदाहरण भी दिया।
शिक्षा को बताया सशक्तीकरण का सबसे बड़ा माध्यम
मुख्यमंत्री ने शिक्षा को दिव्यांगजनों के सशक्तीकरण का महत्वपूर्ण माध्यम बताया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में दिव्यांगजनों के लिए दो विश्वविद्यालय संचालित हैं—लखनऊ में डॉ. शकुंतला मिश्रा दिव्यांगजन सशक्तीकरण विश्वविद्यालय और चित्रकूट में जगद्गुरु रामभद्राचार्य दिव्यांग विश्वविद्यालय।



