‘ज़रा हट के’Breaking News

देसी जुगाड़ की हद! चोरी के डर से क्रेन से दो मंजिला छत पर चढ़ा दी नई स्कोर्पियो, वजह जानकर हो जाएंगे हैरान

बिहार के गोपालगंज में चोरी के डर से नई महिंद्रा स्कोर्पियो को क्रेन की मदद से दो मंजिला मकान की छत पर पार्क कर दिया गया। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है।

आशुतोष शर्मा

गोपालगंज: बिहार के गोपालगंज से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींच लिया है। यहां एक घर के मालिक ने अपनी नई-नवेली महिंद्रा स्कोर्पियो को चोरी से बचाने के लिए ऐसा इंतजाम किया, जिसे देखकर हर कोई हैरान है। कार को सड़क या गैरेज में पार्क करने के बजाय क्रेन की मदद से सीधे दो मंजिला मकान की छत पर चढ़ाकर पार्क कर दिया गया। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

गोपालगंज के मीरा टोला गांव का है मामला

यह अनोखा मामला बिहार के गोपालगंज जिले के मांझा थाना क्षेत्र स्थित मीरा टोला गांव का बताया जा रहा है। गांव निवासी मनोज यादव इजरायल में नौकरी करते हैं। उन्होंने हाल ही में नई महिंद्रा स्कोर्पियो क्लासिक खरीदी थी। विदेश में रहने के दौरान घर पर उनकी पत्नी रहती हैं, ऐसे में नई कार की सुरक्षा को लेकर परिवार चिंतित था।

ड्राइवर के विदेश जाने के बाद बढ़ी परेशानी

मनोज यादव ने अपनी गैरमौजूदगी में कार की देखभाल और उसे चलाने के लिए एक ड्राइवर रखा था। लेकिन बाद में ड्राइवर भी काम के सिलसिले में विदेश चला गया। इसके बाद परिवार के सामने कार को सुरक्षित रखने की चुनौती खड़ी हो गई।

कार चोरी होने की आशंका के चलते परिवार ने सामान्य पार्किंग की बजाय एक ऐसा तरीका अपनाया, जिसकी शायद किसी ने कल्पना भी नहीं की होगी।

क्रेन से हवा में उठाकर छत पर पहुंचाई स्कोर्पियो

कार को सुरक्षित रखने के लिए परिवार ने एक भारी क्रेन मंगवाई। इसके बाद क्रेन की मदद से पूरी स्कोर्पियो को हवा में उठाया गया और सावधानीपूर्वक दो मंजिला मकान की छत तक पहुंचाकर वहां पार्क कर दिया गया।

वायरल वीडियो में क्रेन से कार को उठाकर मकान की छत पर पहुंचाते हुए देखा जा सकता है। कार को इस तरह छत पर पहुंचाने का वीडियो अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो

स्कोर्पियो को छत पर पार्क करने का वीडियो सामने आने के बाद लोग इसे भारतीय ‘देसी जुगाड़’ का अनोखा उदाहरण बता रहे हैं। हालांकि, कुछ लोग इस पूरे मामले में मकान की छत की मजबूती और उसकी लोड कैपेसिटी को लेकर भी सवाल उठा रहे हैं।

कार को छत पर रखने का यह तरीका कितना सुरक्षित है, इस पर अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं सोशल मीडिया पर देखने को मिल रही हैं।

हर कोई पूछ रहा एक ही सवाल

नई स्कोर्पियो को छत पर चढ़ाने का वीडियो देखने के बाद लोगों के मन में सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर कार को इतनी ऊंचाई पर चढ़ाने की जरूरत क्यों पड़ी। परिवार की ओर से कार चोरी होने के डर को इसकी वजह बताया जा रहा है।

फिलहाल, ‘छत पर खड़ी स्कोर्पियो’ की तस्वीर और वीडियो सोशल मीडिया पर लोगों के बीच खूब चर्चा में हैं।

Related Articles

Back to top button