पेपर लीक मुद्दे पर कांग्रेस का प्रदर्शन, पीएम आवास की ओर मार्च; राहुल-प्रियंका समेत कई नेता धरने पर बैठे
पेपर लीक के मुद्दे पर कांग्रेस ने केंद्र सरकार के खिलाफ अपना विरोध तेज कर दिया है। संसद के मानसून सत्र के दूसरे दिन राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, प्रियंका गांधी समेत कई वरिष्ठ नेताओं ने संसद से प्रधानमंत्री आवास तक मार्च निकाला और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए।
कांग्रेस नेताओं ने संसद परिसर से प्रधानमंत्री आवास की ओर मार्च किया। प्रदर्शन के दौरान पार्टी नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार पेपर लीक के मामलों पर जवाबदेही तय करने से बच रही है। कांग्रेस ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग दोहराते हुए कहा कि छात्रों के भविष्य से जुड़े इस मुद्दे पर सरकार को स्पष्ट जवाब देना चाहिए।
राहुल गांधी बोले- सरकार जवाब देने से बच रही है
धरने से पहले राहुल गांधी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि देश का छात्र अपने भविष्य को लेकर चिंतित है, लेकिन सरकार जिम्मेदारी लेने को तैयार नहीं है। उन्होंने कहा कि जिस देश में छात्र अपना भविष्य खो रहा हो और मंत्री अपनी कुर्सी बचाने में लगे हों, वहां न्याय की उम्मीद करना मुश्किल है। राहुल गांधी ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री को इस मुद्दे पर संसद के दोनों सदनों में अपनी बात रखनी चाहिए, लेकिन सरकार चर्चा से बच रही है।
सोशल मीडिया पर भी सरकार पर साधा निशाना
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर प्रदर्शन का वीडियो साझा करते हुए लिखा कि छात्रों के साथ हुई कथित बर्बरता और पेपर लीक के मुद्दे पर जवाब मांगने के लिए कांग्रेस प्रधानमंत्री आवास तक मार्च कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार न तो जिम्मेदारी लेना चाहती है और न ही संसद में इस मुद्दे पर चर्चा कराना चाहती है।
‘प्रतियोगी परीक्षा व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित’
राहुल गांधी ने कहा कि युवाओं के लिए रोजगार के अवसर लगातार कम हो रहे हैं और प्रतियोगी परीक्षाओं पर भी उनका भरोसा कमजोर हुआ है। उनके अनुसार, पेपर लीक जैसी घटनाओं ने परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता को प्रभावित किया है, जिससे लाखों छात्रों का भविष्य दांव पर लग गया है।
शिक्षा व्यवस्था को लेकर लगाए गंभीर आरोप
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि देश की शिक्षा व्यवस्था पर कुछ बड़े कारोबारी समूहों और एक विशेष संस्था का प्रभाव बढ़ गया है। उन्होंने कहा कि यह केवल शिक्षा का नहीं, बल्कि देश के युवाओं के भविष्य का मुद्दा है और सरकार को इस पर गंभीरता से जवाब देना चाहिए।
प्रदर्शन के दौरान कई नेताओं को हिरासत में लिया गया
धरने के दौरान राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खरगे समेत कई कांग्रेस नेताओं ने सांकेतिक रूप से हथकड़ी पहनकर विरोध दर्ज कराया। इस बीच पुलिस ने प्रदर्शन स्थल पर पहुंचकर नेताओं से धरना समाप्त करने की अपील की। पुलिस ने कांग्रेस के कई नेताओं, जिनमें सुखजिंदर सिंह रंधावा और चरणजीत सिंह चन्नी शामिल हैं, को हिरासत में लिया। प्रदर्शन स्थल के पास पुलिस ने बसें भी तैनात कीं और आगे की कार्रवाई के लिए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी।
पेपर लीक मुद्दे पर बढ़ी राजनीतिक सियासत
पेपर लीक और परीक्षा प्रणाली को लेकर केंद्र सरकार और विपक्ष के बीच टकराव लगातार बढ़ता जा रहा है। कांग्रेस इस मुद्दे पर संसद के भीतर और बाहर सरकार को घेरने की रणनीति अपना रही है, जबकि सरकार की ओर से अब तक इस मुद्दे पर अपना पक्ष रखा जा चुका है। ऐसे में मानसून सत्र के दौरान इस विषय पर राजनीतिक बहस और तेज होने के आसार हैं।



