मनोरंजन

24 घंटे में ‘आवारापन 2’ की बुकिंग ने लगाई छलांग, ‘बंटवारा 1947’ से कमाई में चार गुना आगे

इमरान हाशमी की 'आवारापन 2' रिलीज से पहले ही बॉक्स ऑफिस पर मजबूत स्थिति बनाती दिख रही है। एडवांस बुकिंग में फिल्म ने तेजी से बढ़त हासिल की है और सनी देओल की 'बंटवारा 1947' को कमाई के मामले में काफी पीछे छोड़ दिया है।

14 अगस्त को सिनेमाघरों में पहुंचने वाली ‘आवारापन 2’ को लेकर दर्शकों का उत्साह लगातार बढ़ रहा है। गुरुवार सुबह तक फिल्म की प्री-सेल्स में जबरदस्त उछाल दर्ज किया गया। पिछले 24 घंटे में टिकट बिक्री 171.34 फीसदी बढ़ी है। बुधवार को जहां 3168 शो के लिए 37183 टिकट बिके थे, वहीं गुरुवार सुबह तक 5833 शो में 100893 टिकटों की बिक्री हो चुकी थी। फिल्म ने इस बुकिंग से 3.22 करोड़ रुपये की ग्रॉस कमाई दर्ज की, जबकि ब्लॉक सीटों को मिलाकर आंकड़ा 5.4 करोड़ रुपये तक पहुंच गया।

‘बंटवारा 1947’ की रफ्तार भी बढ़ी, लेकिन काफी पीछे

सनी देओल की ‘बंटवारा 1947’ की टिकट बिक्री में भी बीते एक दिन में 155.19 फीसदी की बढ़ोतरी हुई। हालांकि, कुल आंकड़ों में फिल्म अभी ‘आवारापन 2’ से काफी पीछे है। बुधवार तक 2959 शो में 11376 टिकट बिके थे, जबकि गुरुवार सुबह तक 5577 शो के लिए 29031 टिकटों की बिक्री हुई। फिल्म की ग्रॉस कमाई 80.18 लाख रुपये रही और ब्लॉक सीटों को जोड़ने पर यह 2.46 करोड़ रुपये तक पहुंची।

19 साल पुरानी टक्कर का बदला हुआ समीकरण

इमरान हाशमी और सनी देओल की फिल्मों का बॉक्स ऑफिस मुकाबला नया नहीं है। वर्ष 2007 में ‘आवारापन’ और ‘अपने’ आमने-सामने आई थीं। उस समय सनी देओल की फिल्म ने बाजी मारी थी। अब करीब 19 साल बाद ‘आवारापन 2’ की शुरुआती बुकिंग ने मुकाबले का रुख पूरी तरह बदल दिया है। दिलचस्प बात यह भी है कि पहली फिल्म का लाइफटाइम नेट कलेक्शन 7.76 करोड़ रुपये रहा था।

सीक्वल और U/A सर्टिफिकेट का फायदा

‘आवारापन 2’ को 2007 की फिल्म से जुड़ी दर्शकों की पुरानी यादों का लाभ मिल रहा है। शिवम पंडित का किरदार और फिल्म के गाने आज भी प्रशंसकों के बीच लोकप्रिय हैं। दूसरी तरफ ‘बंटवारा 1947’ नई कहानी पर आधारित पीरियड ड्रामा है। ‘आवारापन 2’ को U/A प्रमाणपत्र मिला है, जबकि सनी देओल की फिल्म को A सर्टिफिकेट दिया गया है। इसका असर पारिवारिक दर्शकों की पसंद पर पड़ सकता है।

बजट में भी बड़ा अंतर

दोनों फिल्मों की अवधि करीब-करीब समान है, लेकिन निर्माण लागत में भारी अंतर है। ‘आवारापन 2’ लगभग 30 करोड़ रुपये में तैयार हुई है, जबकि ‘बंटवारा 1947’ का बजट करीब 150 करोड़ रुपये बताया गया है। ऐसे में इमरान हाशमी की फिल्म के लिए लागत निकालना अपेक्षाकृत आसान माना जा रहा है।

पहले दिन किसकी कमाई ज्यादा होगी?

मौजूदा बुकिंग ट्रेंड को देखते हुए ‘आवारापन 2’ की ओपनिंग मजबूत रहने का अनुमान है। फिल्म पहले दिन करीब 14 से 17 करोड़ रुपये कमा सकती है। वहीं ‘बंटवारा 1947’ के लिए 8 से 10 करोड़ रुपये की शुरुआत का अनुमान लगाया जा रहा है। हालांकि, दर्शकों की प्रतिक्रिया आने के बाद तस्वीर बदल सकती है, खासकर स्वतंत्रता दिवस की छुट्टी का फायदा दोनों फिल्मों को मिल सकता है।

दोनों फिल्मों की स्टारकास्ट

‘आवारापन 2’ में इमरान हाशमी के साथ दिशा पाटनी, शबाना आजमी, सलील आचार्य, सुविंदर विक्की और विजयकांत कोहली नजर आएंगे। फिल्म का निर्माण विशेष फिल्म्स के बैनर तले हुआ है। वहीं ‘बंटवारा 1947’ में सनी देओल के साथ प्रीति जिंटा, शबाना आजमी, अली फजल, करण देओल और अभिमन्यु सिंह अहम भूमिकाओं में हैं।

Related Articles

Back to top button