पेपर लीक मामलों की फास्ट ट्रैक कोर्ट में बड़ा बदलाव, एक हफ्ते में स्पेशल जज का तबादला, अब ये जज करेंगे सुनवाई
दिल्ली हाई कोर्ट ने पेपर लीक मामलों की सुनवाई के लिए नियुक्त स्पेशल जज अनु ग्रोवर बालीगा का एक सप्ताह के भीतर तबादला कर दिया। अब एनआईए मामलों की जिम्मेदारी संभालेंगी, जबकि फास्ट ट्रैक कोर्ट में नए जज सुनवाई करेंगे।
पेपर लीक मामलों के त्वरित निपटारे के लिए बनाई गई विशेष फास्ट ट्रैक अदालत में बड़ा प्रशासनिक बदलाव किया गया है। दिल्ली हाई कोर्ट ने स्पेशल जज अनु ग्रोवर बालीगा का कार्यभार संभालने के महज एक सप्ताह बाद ही तबादला कर दिया है। अब उनकी जगह विशेष न्यायाधीश अजय गुप्ता पेपर लीक से जुड़े मामलों की सुनवाई करेंगे, जबकि अनु ग्रोवर बालीगा को एनआईए की विशेष अदालत की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
दिल्ली हाई कोर्ट ने जारी किए तबादले के आदेश
दिल्ली हाई कोर्ट ने न्यायिक प्रशासन में व्यापक फेरबदल करते हुए कुल 137 न्यायाधीशों के तबादले के आदेश जारी किए हैं। इन्हीं आदेशों के तहत पेपर लीक मामलों की सुनवाई के लिए नियुक्त विशेष न्यायाधीश अनु ग्रोवर बालीगा का भी स्थानांतरण कर दिया गया। उन्होंने 25 जुलाई को ही फास्ट ट्रैक कोर्ट का कार्यभार संभाला था और मुश्किल से एक सप्ताह बाद उनकी नई तैनाती कर दी गई।
अब एनआईए की विशेष अदालत में संभालेंगी जिम्मेदारी
हाई कोर्ट के आदेश के अनुसार, अनु ग्रोवर बालीगा अब राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (NIA) अधिनियम के तहत गठित विशेष अदालत में आतंकवाद से जुड़े मामलों की सुनवाई करेंगी। इस फेरबदल के तहत विकास ढुल, प्रशांत शर्मा, पुलस्त्य प्रमाचल, किरण बंसल और अमित बंसल सहित कई अन्य न्यायाधीशों को भी एनआईए से जुड़े मामलों की जिम्मेदारी दी गई है।
फास्ट ट्रैक कोर्ट में अब अजय गुप्ता करेंगे सुनवाई
पेपर लीक मामलों की विशेष अदालत में अब न्यायाधीश अजय गुप्ता मामलों की सुनवाई करेंगे। इससे पहले भी वे ऐसे मामलों की सुनवाई कर चुके हैं। गौरतलब है कि सार्वजनिक परीक्षाओं में पेपर लीक और अनुचित साधनों से जुड़े मामलों के त्वरित निपटारे के उद्देश्य से दिल्ली हाई कोर्ट ने 23 जुलाई को इस विशेष अदालत का गठन किया था। यह कदम केंद्र सरकार की उस पहल का हिस्सा माना गया, जिसमें पेपर लीक मामलों का तेजी से निपटारा सुनिश्चित करने की बात कही गई थी।
NEET पेपर लीक केस की सुनवाई भी इसी कोर्ट में
फास्ट ट्रैक कोर्ट में नीट सहित कई महत्वपूर्ण पेपर लीक मामलों की सुनवाई हो रही है। 27 जुलाई को इस अदालत में नीट पेपर लीक मामले की पहली सुनवाई हुई थी, लेकिन बचाव पक्ष की ओर से समय मांगे जाने के कारण कार्यवाही स्थगित कर दी गई थी। अदालत ने बाद में मामले को अगली सुनवाई के लिए सूचीबद्ध किया, जहां सीबीआई की चार्जशीट और आरोपियों की जमानत याचिकाओं पर विचार किया जाना है।
CBI ने 13 आरोपियों के खिलाफ दाखिल की चार्जशीट
इस मामले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने 13 आरोपियों के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया है और सभी आरोपी फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं। उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने 3 मई को आयोजित परीक्षा को कथित पेपर लीक के आरोपों के बाद 12 मई को रद्द कर दिया था। इसके बाद 21 जून को परीक्षा दोबारा आयोजित की गई। अब नए न्यायाधीश की नियुक्ति के बाद इस बहुचर्चित मामले की सुनवाई आगे बढ़ेगी और सभी की निगाहें अदालत की आगामी कार्यवाही पर टिकी रहेंगी।



